अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) की ओर से बीएलए-2 और कार्यकर्ताओं के लिए मंगलवार को विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। यह कार्यक्रम वाटिका चौक स्थित ओरम कन्वेंशन सेंटर में होगा। इसमें मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा शामिल होंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष वर्धन यादव ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा अपने लंबे राजनीतिक अनुभव के आधार पर कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन और संगठनात्मक कार्यों की बारीकियों से अवगत कराएंगे। वर्धन यादव ने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार होगा, जिससे पार्टी जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत होगी।