बसपा सुप्रीमो मायावती ने भीम आर्मी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने कहा कि भीम आर्मी और बहुजन यूथ मिशन 2019-नेक्स्ट पीएम बहनजी जैसे संगठन पर्दे के पीछे हमारे विपक्षी दलों के लिए काम कर रहे हैं। ये बसपा विरोधी संगठन लोगों से कह रहे हैं कि वे बहनजी को पीएम बनाएंगे।
मायावती ने कहा कि ऐसे संगठन बसपा का नाम लेकर दलित समाज को गुमराह कर रहे हैं और अपना धंधा चला रहे हैं। लोगों से बसपा और बहनजी को मजबूत करने के नाम पर चंदा भी जुटा रहे हैं। ये लोग दलित बस्तियों में जाकर समाज को बांटने का काम कर रहे हैं। समाज को सावधान रहने की जरूरत है। ऐसे संगठन बसपा के नाम पर दलितों की भावनाओं से खेल रहे हैं। बसपा सब धर्मों और समाज की पार्टी है। इनका उद्देश्य बहुजन समाज की एकता खत्म करना है।
कोर्ट से ही बने राम मंदिर तो बेहतर
शिवसेना के अयोध्या कूच पर मायावती ने कहा कि मंदिर मुद्दा सुप्रीम कोर्ट से ही सुलझेे तो बेहतर होगा। शिवसेना या विहिप भाजपा की साजिश के तहत ही काम कर रही है। अगर भाजपा मंदिर को लेकर गंभीर थी तो चार साल चुप क्यों रही। अयोध्या में राम मंदिर का मसला अभी सुप्रीम कोर्ट में है। ऐसे में शिवसेना और विहिप आरएसएस के साथ मिलकर साधु-संतों को आगे कर मुहिम कैसे चला सकते हैं। इन्हें कोर्ट के फैसले का इंतजार करना चाहिए। धार्मिक भावनाओं को भड़काने से बाज आना चाहिये।