डीटीसी बसों में भैया दूज के मौके पर महिलाओं के लिए फ्री सफर के तोहफे का बहनों ने लाभ उठाया। बसों में फ्री में सफर करते वक्त महिलाओं में खुशी दिखाई दी।
हालांकि राजधानी के कुछ इलाकों में महिलाओं को बसों की कमी के कारण डीटीसी के इस तोहफे से वंचित भी रहना पड़ा, जिससे उन्हें परेशानी झेलनी पड़ी। डीटीसी के मुताबिक, महिलाओं की सुविधा के लिए हर साल की तरह इस साल भी भैया दूज के त्यौहार पर महिलाओं को डीटीसी बसों में मुफ्त में सफर करने का तोहफा दिया गया।
इस बीच महिलाओं ने सुबह 6 बजे से इस सुविधा का लाभ उठाया। विभाग का कहना है कि प्रशासन का प्रयास है कि महिलाएं भैया दूज के मौके पर अपने भाइयों के पास बिना किसी परेशानी और किराया खर्च के बिना पहुंच सकें।
महिला यात्री किरण शर्मा ने बताया कि उन्हें शाहदरा से वसंत कुंज अपने भाई का तिलक करने के लिए जाना था। डीटीसी बसों में फ्री सफर की सुविधा से उनका कोई किराया नहीं लगा।