तीन पंखे, दो कूलर और चार सीएफएल का दो महीने का बिजली बिल 75.68 करोड़ रुपये। जी हां! बिजली विभाग ने एनआईटी-1 बी ब्लॉक निवासी श्रवण कुमार को भेजा है।
बिल के मुताबिक उन्होंने दो महीने में 9,99,81,811 यूनिट बिजली खर्च की है। आम तौर पर उनका दो माह का बिल 1500 से 1800 रुपये के बीच आता है। इतना बड़ा बिल देखकर उनकी रातों की नींद उड़ चुकी है।
वह इसे ठीक कराने के लिए बिजली विभाग के चक्कर काट रहे हैं। अधिकारी सॉफ्टवेयर में खामी के चलते गलत बिल जारी होने की बात रहे हैं।
बिजली का बिल मिला तो उड़ गए होश
एनआइटी-1 बी-109 निवासी श्रवण कुमार 65 वर्ग गज के मकान में रहते हैं। इस मकान के तीन कमरों में पंखे, कूलर ओर सीएफएल लगे हैं। मीटर उनके बड़े भाई राज कुमार के नाम से लगा हुआ है।
मंगलवार को उन्हें बिजली का बिल मिला, जिसे देखकर वह कुछ समझ ही नहीं सके। उन्होंने अपने पड़ोसी को बिल तो दिखाया तो वह भी बिल की राशि देखकर हैरान रह गए।
पड़ोसियों ने बताया कि उनका बिल 75,68,62,349 रुपये आया है। बिल में दिए विवरण के मुताबिक श्रवण कुमार ने 22 मार्च 2015 से 21 मई 2015 यानि दो माह में 99981811 यूनिट बिजली का उपयोग किया है।
8 जुलाई तक नहीं भरा तो जुड़ जाएगे सव दो करोड़
इसकी राशि 59,78,91,229.78 रुपये बनती है। इसमें फ्यूल सरचार्ज 14,39,73,807.84 रुपये, इलेक्ट्रिसिटी ड्यूटी 99,98,181.10 रुपये और म्यूनिसिपल टैक्स के रूप में 49,99,090.55 रुपये जोड़े गए हैं।
बिल भुगतान की देय तिथि 8 जुलाई है। देय तिथि के बाद भुगतान करने पर सरचार्ज के रूप में 2,22,55,952 रुपये उसमें और जुडे़ जाएंगे। उस स्थिति में बिजली बिल 77,91,18,301 रुपये हो जाएगा।
वहीं अधिकारियों के मुताबिक बिजली बिल बनाने के सॉफ्टवेयर में बदलाव किया गया है। उसमें कुछ दिक्कतें आ रही हैं। हो सकता है कि तकनीकी दिक्कत के चलते ऐसा हो गया हो। उपभोक्ता संबंधी एसडीओ से मिलेंगे तो उनका बिल तुरंत ठीक करवा दिया जाएगा। यदि फिर भी कोई दिक्कत आती है तो वे मेरे से मिल सकते हैं। उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा।