सूबे में सत्ता परिवर्तन के बाद जगह-जगह अवैध बूचड़खानों के खिलाफ हो रही कार्रवाई को देखते हुए नोएडा पुलिस ने भी कवायद शुरू कर दी है। मंगलवार शाम नोएडा की थाना सेक्टर-20 पुलिस हरौला मार्केट में चल रही मीट की अवैध दुकानों को बंद कराने पहुंची।
मालूम हो कि जिले में सिर्फ एक ही वैध बूचड़खाना सूरजपुर औद्योगिक एरिया में है। पुलिस ने हरौला मार्केट में अवैध रूप से लंबे समय से चल रही मीट की दुकानों को बंद कराने का प्रयास किया। मीट विक्रेताओं ने दुकानें तो नहीं बंद कीं, लेकिन बाहर चादरें लटका दीं।
थाना सेक्टर-20 प्रभारी निरीक्षक अनिल प्रताप सिंह ने बताया कि नोएडा के सेक्टर-8 व 9 में चल रहे अवैध बूचड़खानों को पहले ही बंद कराया जा चुका है। अवैध मीट दुकानों को भी बंद कराने का प्रयास किया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों को उनके क्षेत्र में चल रहे अवैध बूचड़खानों को तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, गाजियाबाद पुलिस ने मंगलवार को अवैध बूचड़खानों के खिलाफ व्यापक स्तर पर अभियान चलाया।
बुधवार को भी गाजियाबाद में अभियान जारी रहेगा। सबसे पहले अवैध बूचड़खाने बंद होने की खबरें मेरठ से आई थीं।