शराब पीकर गाड़ी चलाने पर हुए चालान से नाराज एक युवक ने अगले दिन थाने में जमकर हंगामा किया। संतरी ने उसे शांत करने की कोशिश की तो वह हाथापाई करने लगा। बीचबचाव और समझाने आए थाना प्रभारी से भी बदसलूकी की। आरोपी ने दीवार पर सिर पटककर सभी पुलिसकर्मियों को फंसाने की धमकी दी। सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और मारपीट का मामला दर्ज कर कंझावला थाना पुलिस ने आरोपी रविंद्र छिल्लर को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, तलाशी अभियान के दौरान कंझावला थाना पुलिस ने 22 फरवरी की रात शराब पीकर गाड़ी चलाते हुए रविंद्र को पकड़ा था। पुलिस ने मारुति कार जब्त कर उसका चालान काट दिया था। इससे निजामपुर गांव आरोपी गुस्से में था।
अगले दिन 23 फरवरी को रविंद्र थाने पहुंचा और ड्यूटी ऑफिसर के रूम में घुसकर गालीगलौज करने लगा। शोरशराबा होने पर कमरे में आए सिपाही अजय ने उसे कमरे से बाहर करने की कोशिश की।
इस पर रविंद्र उससे हाथापाई करने लगा। थाना प्रभारी ने उसे समझाने को प्रयास किया तो रविंद्र उनसे भी बदसलूकी करने लगा। आरोपी अपने सिर को दीवार पर मारने लगा और सभी पुलिसकर्मियों को फंसाने की धमकी देने लगा।