अगर आप भी मोबाइल पर मिस्ड कॉल आने के बाद तुरंत बैक कॉल करते हैं तो जरा सावधान हो जाइए।
दिल्ली एनसीआर और वेस्ट यूपी में आजकल 'मिस्ड कॉल' गैंग एक्टिव है। ये गैंग मिस्ड कॉल मारकर ऐसे-ऐसे कारनामे करता है कि जानकर दंग रह जाएंगे आप।
हाल ही में यूपी पुलिस से मदद न मिलने के बाद इस गैंग के चंगुल से अपनी बेटी को आजाद कराने के लिए एक परिवार ने जी जान लगा दी।
ऐसे हुआ खुलासा
दरअसल, मुरादनगर की एक छात्रा एक अप्रैल को रहस्यमय हालात में लापता हो गई थी। इस परिवार की मदद करने वाली गीतांजलि वेलफेयर एजुकेशनल सोसायटी की अध्यक्ष वंदना चौधरी ने बताया कि लड़की की फोन कॉल आने पर उन्हें उसके आगरा के कालंदीकुंज में होने का पता चला था।
लड़की का कहना है कि युवक ने उसे पुराना बस अड्डा गाजियाबाद बुलाया था और वहां से आगरा ले गया था। छानबीन में पता चला है कि इस गैंग में चार युवक हैं।
इससे पहले ये मथुरा की एक लड़की को भी अपना निशाना बना चुके हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने परिवार की मदद नहीं की। चुनाव ड्यूटी में पुलिस गई है, यह कहकर पुलिसवाले उन्हें टरकाते रहे।
मांग में भरा सिंदूर और...
ये गैंग कम उम्र की भोली-भाली लड़कियों को निशाना बनाता है। हाल ही में इस गैंग की शिकार हुई मुरादनगर की नौवीं क्लास की छात्रा।
आगरा के ‘मिस्ड कॉल’ गैंग ने छात्रा को फोन पर बातें कर बहलाया-फुसलाया और उसे आगरा ले गए। वहां मांग में सिंदूर भरकर शादी का नाटक भी रचा।
जब लड़की को सारा माजरा समझ आया तो उसने परिजनों से संपर्क कर दुखड़ा सुनाया। पुलिस से मदद नहीं मिली तो परिजन खुद ही आगरा पहुंच गए और लड़की को न सिर्फ मुक्त कराया, बल्कि आरोपी को भी पकड़कर ले आए। आरोपी को मुरादनगर पुलिस की सुपुर्दगी में दिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
...ऐसा फंसाते हैं जाल में
‘मिस्ड कॉल’ गैंग के सदस्य अनजान मोबाइल नंबरों पर मिस्ड कॉल करते हैं। रिप्लाई आने पर उससे बात करते हैं। अगर कोई लड़की या महिला बोलती है तो उससे बातें करने लगते हैं। अगर कोई युवक बोलता है तो सॉरी कहकर फोन काट देते हैं।
इनके निशाने पर ज्यादातर कम उम्र लड़कियां रहती हैं, जिन्हें ये आसानी से बहका सकें। फोन पर चिकनी-चुपड़ी बातें कर उसे बातों के जाल में फंसाते हैं, फिर उसका शारीरिक शोषण करते हैं।
एसपी सिटी शिव हरि मीणा का कहना है कि अगर कोई फोन कर परेशान करे तो स्थानीय थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जा सकती है। पुलिस पूरी मदद करेगी। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।