जेएनयू मामले को जिस तरह दिल्ली पुलिस कमिश्नर बीएस बस्सी ने संभाला उसे लेकर इन दिनों उनकी चारों ओर चर्चा हो रही है। पटियाला हाउस कोर्ट में कन्हैया की पेशी के दौरान पूरी दिल्ली पुलिस का जो रुख रहा उससे बस्सी सवालों के घेरे में घिरे हुए ही थे कि आज उनके अपने ही एक ट्वीट ने फिर से उन्हें सोशल मीडिया पर हंसी का पात्र बना दिया।
बता दें कि आज एनडीटीवी के पत्रकार रवीश कुमार के एक पैरोडी अकाउंट से किए गए एक ट्वीट पर जिस तरह उन्होंने जवाब दिया और रवीश व मुख्यमंत्री केजरीवाल को टैग कर ट्वीट किया उसके बाद तो सोशल मीडिया पर उनकी खूब खिंचाई हुई जिसके बाद उन्होंने अपना ट्वीट ही डीलीट कर दिया।
उन्होंने रवीश के पैरोडी अकाउंट पर किए गए कमेंट पर ट्वीट करते हुए लिखा कि, 'मैं संविधान, राष्ट्र, सच के प्रति प्रतिबद्ध हूं। अपने आप की तारीफ करने वालों अच्छा होगा कि आप खुद की समीक्षा करें।'