- सड़क, जल निकासी, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था में होगा सुधार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के दया बस्ती परिसर में बनी बैरकों की स्थिति जल्द बेहतर होगी। इसके लिए उत्तर रेलवे ने करीब 3.96 करोड़ रुपये का काम प्रस्तावित किया है।
रेलवे के अनुसार, इस काम को पूरा करने के लिए 10 महीने की अवधि निर्धारित की गई है। इसमें बैरकों के भवन से लेकर परिसर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने का काम किया जाएगा। बैरकों के पुराने और जर्जर हिस्सों की मरम्मत के साथ जरूरत के अनुसार कुछ संरचनाओं को हटाने और नए निर्माण का काम किया जाएगा। भवनों में दीवारों की मरम्मत, पुट्टी, रंग-रोगन, फर्श और दीवारों पर नई टाइल लगाने जैसे काम शामिल हैं। साथ ही खिड़कियां और उनके ढांचे भी बेहतर किए जाएंगे। रसोई और अन्य हिस्सों में ग्रेनाइट प्लेटफॉर्म, सिंक तथा जरूरी फिटिंग लगाने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा जलापूर्ति और जल निकासी व्यवस्था में भी सुधार किया जाएगा। इसके तहत पानी की पाइपलाइन, नालियों और शौचालय से जुड़ी सुविधाओं पर काम किया जाएगा। रेलवे ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए परिसर में तारबंदी और अन्य सुरक्षा संबंधी काम भी किए जाएंगे।