केंद्र सरकार को पोलियो की दवा आपूर्ति करने वाली गाजियाबाद की एक कंपनी की दवा की जांच में पी-2 के एंटीजन पाए गए हैं। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन ने कविनगर थाने में कंपनी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर को हिरासत में ले लिया है।
कविनगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित बायोमेड प्राइवेट लिमिटेड कंपनी इंडोनेशिया से पोलियो की दावा मंगाती है। यहां इस दवा को ड्रॉप में पैकेज कर सरकार को आपूर्ति की जाती है। केंद्रीय औद्योगिक मानक नियंत्रण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, 10 से 15 सितंबर के बीच वैक्सीन के सैंपल लिए गए और इनकी जांच हिमाचल प्रदेश की प्रयोगशाला में कराई गई। जांच में वैक्सीन में टाइप-2 के एंटीजन मिले हैं, जो कि प्रतिबंधित है।
पोलियो मुक्त घोषित होने के बाद टाइप-2 की वैक्सीन को बंद कर दिया गया है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन के कई ड्रग इंस्पेक्टर समेत अन्य अधिकारी गुरुवार को कंपनी पहुंचे और मार्केट में सप्लाई हो चुकी दवा को नष्ट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. सत्यप्रकाश गर्ग समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। वहीं गर्ग का कहना है कि उनके खिलाफ साजिश की जा रही है।