अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। द्वारका जिला के बिंदापुर थाना पुलिस ने रुपये के बदले डॉलर देने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागरपुर निवासी रोबिल शेख, कृष्णा नगर निवासी अजहरुद्दीन और डाबड़ी निवासी पुनीत शर्मा के रूप में हुई है। गिरोह का सरगना बांग्लादेश का नागरिक रोबिल शेख है। आरोपियों के कब्जे से 13 मोबाइल, सिम कार्ड, 45 अमेरिकी डॉलर, दस हजार रुपये बरामद हुए हैं।
जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह के मुताबिक 4 जून को शालीमार बाग निवासी संजना ने बिंदापुर थाने में ठगी की शिकायत की। पुलिस को दी शिकायत में संजना ने कहा कि तीन-चार लोगों ने उन्हें डॉलर देने की बात कही थी। आरोपियों ने डॉलर लेने के लिए उन्हें बिंदापुर इलाके में तीन लाख रुपये लेकर आने के लिए कहा। बिंदापुर आने पर आरोपियों ने उससे पैसे लेने के बदले डॉलर का बंडल थमा दिया। बाद में पता चला कि बंडल में एक डॉलर के अलावा कागज का कतरन था। पुलिस ने शिकायत पर ठगी का मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने करीब 250 सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने के बाद तकनीकी जांच की। जिसमें पता चला कि वारदात में शामिल आरोपियों के गीता काॅलोनी इलाके में होने की जानकारी मिली। पुलिस की टीम वहां पहुंचकर अजहरुद्दीन और पुनीत शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात में दो अन्य दोस्त शामिल थे। पुलिस ने इनके निशानदेही पर सागरपुर इलाके से राेबिल शेख को गिरफ्तार कर लिया। रोबिल इसी तरह की दो ठगी की वारदात में गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस चौथे आरोपी की तलाश में जुटी है।