डासना में हुई भाजपा नेता की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फरार दो आरोपियों के लिए टीम गठित कर दी है। एसएसपी ने दोनों फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया है। एसएसपी ने मसूरी थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच दूसरे इंस्पेक्टर को सौंप दी है।
शनिवार रात करीब नौ बजे डासना में पुलिस चौकी के पास थाना पिलखुवा, हापुड़ के गांव सिकेड़ा निवासी डॉ. बलवीर सिंह तोमर (52) पुत्र रिछपाल सिंह की चार बदमाशों ने गोली बरसाकर हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद आरोपी फरार हो गए थे। बदमाशों ने सिर व कंधे में तीन गोलियां मारी थीं। आरोपी स्कूटी मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए थे। बलवीर सिंह को संजय नगर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि डॉ. बलवीर क्लीनिक से निकल रहे थे। उसी दौरान उन पर बदमाशों ने हमला कर दिया था। बताया कि सलमान उर्फ डग्गा पुत्र हनीफ कुरैशी, शाहरुख पुत्र शाबु निवासी डासना को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो आरोपी फरार हो गए हैं। फरार आरोपी सलमान और अमन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अमर उजाला ने पहले कर दिया था खुलासा
अमर उजाला ने घटना का पहले ही खुलासा कर दिया है। एडीजी ने बताया था कि भाजपा नेता का कत्ल एक युवती के घर से फरार होने की रंजिश में हुआ है। मृतक ने उक्त मामले में एक पक्ष की पैरवी की थी। पुलिस के मुताबिक कुछ दिनों पहले एक स्थानीय लड़की घर से चली गई थी। उसको लेकर दो पक्षों में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। बताया जा रहा है कि एक पक्ष की तरफ से डॉ. बलवीर सिंह तोमर ने पैरवी की थी, जिसको लेकर रंजिश पैदा हो गई थी। इसी रंजिश में हत्या कर दी गई थी।
थाना प्रभारी और चौकी इंचार्ज निलंबित
भाजपा नेता की हत्या के बाद एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने मसूरी थाना प्रभारी प्रवीण कुमार शर्मा और डासना चौकी प्रभारी संजय कुमार अत्री की लापरवाही मानते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। गत महीने ही प्रवीण ने मसूरी का चार्ज संभाला था।