बल्लभगढ़ में कॉलेज से परीक्षा देकर लौट रही छात्रा निकिता तोमर की सोमवार शाम हत्या से गुस्साए लोगों ने मंगलवार को जमकर बवाल किया। सुबह 9 बजे से शाम पांच बजे तक लोग हाइवे पर डटे रहे। लोगों ने पहले सोहना रोड और फिर दिल्ली-आगरा हाईवे पर जाम लगाया।
सोहना रोड पर लोगों ने कुछ दुकानों में तोड़फोड़ की, हालांकि पुलिस ने हालात पर जल्द काबू कर लिया। समझाने पहुंचे कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा खिलाफ भी लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी और उन्हें लौटना पड़ा। आखिर पोस्टमार्टम के बाद शाम पांच बजे निकिता का शव परिजनों को सौंपने के बाद ही लोगों ने जाम खोला। देर शाम कड़ी सुरक्षा के बीच छात्रा का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
उधर, पुलिस ने दोनों आरोपियों तौसीफ और रेहान को रात में ही गिरफ्तार कर लिया था। तौसीफ के नूंह के रसूख वाले राजनीतिक परिवार से संबंध हैं। मृतका के परिजनों ने आरोपी की मां पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है। आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
सुबह 9 बजे ही सोहना रोड स्थित अपना सोसायटी के लोग निकिता के परिजनों के साथ गेट पर एकत्र होने लगे थे। निकिता का परिवार इसी कॉलोनी में रहता है। देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों तौसीफ और रेहान को गिरफ्तार कर लिया है। इसके बावजूद लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ।
दोपहर करीब डेढ़ बजे तक किसी जिम्मेदार अधिकारी या नेता के मौके पर नहीं पहुंचने पर लोग भड़क गए और पैदल ही जुलूस के रूप में हाईवे की ओर बढ़ने लगे। करीब पांच किलोमीटर पैदल चलने के बाद बल्लभगढ़ में दिल्ली-आगरा हाईवे को जाम कर दिया। फरीदाबाद के पुलिस आयुक्त ओपी सिंह ने लोगों को भरोसा दिलाया कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कराई जाएगी। इसके साथ ही जल्द से जल्द हत्यारोपियों को सजा दिलाई जाएगी। पूरे मामले में जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। इस आश्वासन के बाद ही लोगों ने जाम खोला।
दुकान में तोड़फोड़ से दहशत में आए लोग
सोहना रोड पर गुस्साए लोगों ने कुछ दुकानों में तोड़फोड़ भी की, इनमें मीट की दुकान भी शामिल थी। हालात बिगड़ने की आशंका के मद्देनजर इलाके की दुकानें बंद हो गईं। हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी के चलते स्थिति जल्द स्थिति पर काबू पा लिया।
पिता बोले, बेटी पर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहे थे
मृतका के पिता मूलचंद तोमर ने बताया कि तौसीफ ने पहले भी उनकी बेटी को अगवा किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि तौसीफ की मां निकिता को अक्सर फोन कर बेटे से शादी करने का दबाव बनवाती थी। कहती थी कि अपहरण के बाद कौन तुमसे शादी करेगा। बदनामी से बचना है तो यही सही रहेगा कि तुम धर्म बदल लो और हमारे साथ आकर रहो।
फिजियोथेरेपिस्ट का कोर्स कर रहा है तौसीफ
पुलिस ने पलवल, मेवात और फरीदाबाद में पांच घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाने के बाद सोमवार रात ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस प्रवक्ता अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आदर्शदीप सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी सोहना के कबीर नगर निवासी तौसीफ (21) फिजियोथेरेपिस्ट का कोर्स कर रहा है। वारदात में शामिल दूसरा आरोपी रेहान नूंह के रिवासन गांव का रहने वाला है। दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देकर पलवल होते हुए नूंह चले गए थे।
मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। पुलिस पीड़ित परिवार के साथ है। पुलिस के पास आरोपी के खिलाफ पुख्ता साक्ष्य हैं, जिनके आधार पर न्यायालय में पैरवी कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
ओपी सिंह, पुलिस आयुक्त
दो दिन पुलिस हिरासत में भेजे गए दोनों आरोपी
पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया जिसके बाद आरोपी तौसीफ और रेहान को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
बल्लभगढ़ हत्याकांड में आया सीएम खट्टर का बयान
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि बल्लभगढ़ में छात्रा की हत्या में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने मामले में लिया स्वतः संज्ञान
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने निकिता हत्याकांड का स्वतः संज्ञान लेते हुए हरियाणा के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस को पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने दूसरे आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है।
यह भी पढ़ेंः बल्लभगढ़ः दो साल पहले भी हुई थी निकिता के अपहरण की कोशिश, तब होती कार्रवाई तो आज वो जिंदा होती
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष ने आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग की
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने भी इस मामले पर ट्वीट कर आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग की है। उन्होंने लिखा, कैसी लचर कानून व्यवस्था है जहां दिन दहाड़े एक लड़की को मार दिया जाता है। इतनी हिम्मत कहां से आ रही है इन जानवरों में? हरियाणा सरकार से अपील करती हूं इस दरिंदे को कड़ी से कड़ी सजा दिलाएं।
परिजनों की मांग है- हो एनकाउंटर
निकिता के परिजनों का कहना है कि अगर हमारी बेटी दूसरे समुदाय की होती तो यहां तुरंत सभी प्रशासनिक अधिकारी जुट जाते और हमारी बच्ची को न्याय मिल जाता। लेकिन हमारी बच्ची उस समुदाय से नहीं है इसलिए कोई सुध नहीं ले रहा। निकिता के भाई प्रवीण का कहना है कि हम चाहते हैं कि जल्द से जल्द हमारी बहन को न्याय मिले। दोषियों को फांसी हो या उनका एनकाउंटर किया जाए। आखिर पुलिस किस बात का इंतजार कर रही है जब सीसीटीवी में सबकुछ साफ दिखाई दे रहा है।
यह भी पढ़ेंः हरियाणा: अपहरण में विफल होने पर बीकॉम छात्रा को बीच सड़क पर मारी गोली, मौत