जिले की सभी 50 स्क्रीन पर धूम मचा रही बाहुबली-2 अब तक की सबसे ज्यादा राजस्व देने वाली फिल्म बन गई है। तीन दिनों में करीब एक करोड़ रुपये मनोरंजन कर हासिल करने वाली फिल्म बाहुबली-2 ने दंगल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दंगल ने जनपद में तीन दिन में 75 लाख रुपये का सर्वाधिक राजस्व हासिल किया था।
28 अप्रैल से नोएडा व ग्रेटर नोएडा के 50 स्क्रीन पर बाहुबली फिल्म चल रही है। सभी शो हाउसफुल चल रहे हैं। नोएडा के सेक्टर-32 स्थित लॉजिक्स में आईमैक्स स्क्रीन पर बाहुबली-2 के एक शो मेें सर्वाधिक 72 हजार रुपये राजस्व मिला।
टिकट महंगा होने के बावजूद सबसे अधिक राजस्व दिला रहा है। जिला मनोरंजन कर अधिकारी शैलेंद्र सिंह का कहना है कि बाहुबली-2 फिल्म से इस माह करीब ढाई करोड़ रुपये राजस्व मिलने की उम्मीद है, जिससे इस साल का राजस्व लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलेगी।