संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को चार विकेट से हराकर दो अंक हासिल किए। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 208 रन के लक्ष्य को साउथ दिल्ली ने तीन गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।
डबास और रंजन ने दिलाई तेज शुरुआत
पहले बल्लेबाजी करते हुए नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने नौ विकेट पर 207 रन बनाए। कप्तान सार्थक रंजन ने 23 गेंदों में 45 रन और यश डबास ने 38 गेंदों में 78 रन की पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिए 107 रन जोड़े। अर्जुन रापरिया ने 11 गेंदों में 27 रन बनाकर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। साउथ दिल्ली के दिवांश रावत ने तीन और अंकित डबास ने दो विकेट लिए।
बदोनी ने संभाली पारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ दिल्ली 50 रन पर तीन विकेट गंवा चुकी थी। कप्तान आयुष बदोनी ने तेजस्वी दहिया के साथ पारी को संभाला। दहिया ने 19 गेंदों में 28 रन बनाए। बदोनी ने 47 गेंदों में 90 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया।
आखिरी ओवर में डबास का कमाल
बदोनी के आउट होने के बाद मुकाबला रोमांचक हो गया। अंतिम ओवर में साउथ दिल्ली को नौ रन चाहिए थे। डबास ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर दबाव कम किया और 10 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाकर टीम को तीन गेंद शेष रहते चार विकेट से जीत दिला दी।