राजधानी के अस्पतालों पर लापरवाही के आरोपों का सिलसिला थम नहीं रहा। हरियाणा के सोनीपत से मरीज को लेकर आए परिजनों ने रोहिणी के जयपुर गोल्डन अस्पताल में शुक्रवार को हंगामा किया।
मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। परिजनों का आरोप है कि होठ का ऑपरेशन कराने बच्चे को लाए थे, लेकिन डॉक्टरों की लापरवाही ने उसकी जान ही ले ली। हालांकि, खबर लिखे जाने तक अस्पताल की ओर से इसकी पुष्टि नहीं हुई।
दरअसल, शिशु के परिजन रामबीर ने बताया कि 16 जनवरी को वे अपने बच्चे वासु को लेकर अस्पताल आए थे। 4 माह के वासु को ऊपरी होठ में कुछ दिक्कत थी। उनका आरोप है कि ऑपरेशन के बाद बच्चे को सामान्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया। कुछ देर बाद बच्चा तड़पने लगा।
डॉक्टरों को बुलाया तो उन्होंने परिजनों को बाहर कर दिया और बच्चे को आईसीयू में ले गए। इस बीच एक डॉक्टर ने इंजेक्शन भी लगाया। इसके बाद बच्चे का पूरा शरीर ठंडा पड़ गया। रामबीर ने बताया कि शुक्रवार को उन्होंने डॉक्टरों से बच्चे की सेहत के बारे में पूछा तो उन्होंने मौत की खबर सुना दी।
रामबीर के अनुसार, वासु अभी भी वेंटीलेटर पर है। कुछ डॉक्टर उनसे मौत की बात कर रहे हैं तो कुछ कह रहे हैं कि बच्चा अभी जिंदा है। उधर, इस मामले में भी अस्पताल की ओर से जवाब नहीं मिला।