मोरी गेट स्थित सेंट स्टीफन ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
आयुष डिसूजा की शानदार शतकीय पारी की बदौलत रवि ब्रदर्स क्लब ने 51वें गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में शानदार जीत दर्ज की। मोरी गेट स्थित सेंट स्टीफन ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में टीम ने बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए आठ विकेट से मुकाबला जीता। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली क्रिकेट हब ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 226 रन बनाए। टीम की ओर से नूर मोहम्मद ने 69 रन और स्वर्णिम बंसल ने 40 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। रवि ब्रदर्स क्लब की ओर से नमन ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए 15 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
227 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रवि ब्रदर्स क्लब की बल्लेबाजी शुरुआत से ही आक्रामक रही। आयुष डिसूजा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए केवल 40 गेंदों में नाबाद 102 रन बनाए। उनकी पारी में 14 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। दूसरे छोर से कृष्णा भड़ाना ने भी बेहतरीन सहयोग देते हुए 79 रन जोड़े। दोनों बल्लेबाजों की शानदार साझेदारी के दम पर रवि ब्रदर्स क्लब ने 16.5 ओवर में मात्र 2 विकेट खोकर 230 रन बना लिए और मुकाबला जीत लिया। उत्कृष्ट शतकीय पारी के लिए आयुष डिसूजा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।