किडनी डे पर कार्यक्रम का आयोजन
- फोटो : अमर उजाला
मैक्स अस्पताल वैशाली ने किडनी डे को ध्यान रखते हुए एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें लगभग 200 से ज्यादा लोगों ने भाग लिया और इस अवसर पर अस्पताल के वाइस प्रेसिडेंट (आपरेशन) डॉ. गौरव अग्रवाल द्वारा प्रिविलेज कार्ड भी लॉन्च किया गया।
लोगों को किडनी संबंधित बीमारियों के प्रति जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। किडनी से संबंधित रोग, पूरे विश्व में स्वास्थ्य चिंता का विषय हैं, जिसका गंभीर परिणाम किडनी फेलियर और समयपूर्व मृत्यु के रूप में सामने आता है।
वर्तमान में किडनी रोग महिलाओं में मृत्यु का आठवां सबसे प्रमुख कारण है। कईं लोगों को यह जानकर हैरानी हो सकती है कि मुट्ठी के आकार का यह अंग हमारे स्वास्थ्य और जीवन में इतनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। दरअसल ये दो छोटे से मुट्ठी के आकार के अंग कई बार अचानक काम करना बंद कर देते हैं। किडनी रोग मुख्य रूप से डायबिटीज, उच्च रक्तचाप और धमनियों के कड़े होने से हो जाते हैं। हालांकि, इन रोगों में से कईं किडनियों के सूजने के कारण भी हो सकते हैं। इस स्थिति को नेफ्राइटिस कहते हैं।
चूंकि किडनी रोगों के कारण अलग-अलग हो सकते हैं, इसलिए विभिन्न रोगियों में इसके लक्षणों में भिन्नता पाई जा सकती है। हालांकि, कुछ सामान्य लक्षणों में बहुत अधिक या बहुत कम यूरीन, यूरीन में रक्त आना या रसायनों की मात्रा आसामान्य हो जाना सम्मिलित हैं। लेकिन, अगर यह रोग बैक्टीरिया के संक्रमण के कारण होता है, तो पहला लक्षण तेज बुखार के रूप में दिखाई देता है।
इस अवसर पर मैक्स अस्पताल वैशाली के नेफ्रोलॉजि और किडनी ट्रांसप्लांट के निदेशक डॉ. मनोज के सिंघल व डॉ. नीरू पी अग्रवाल और अस्पताल के वाइस प्रेसिडेंट (आपरेशन) डॉ. गौरव अग्रवाल के साथ नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. संजय सक्सेना मौजूद रहे।