नई दिल्ली। राष्ट्रीय प्राणी उद्यान (दिल्ली चिड़ियाघर) में मंगलवार को ग्लोबल टाइगर डे 2026 के अवसर पर जागरूकता व शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। दिनभर चले कार्यक्रमों में करीब 900 लोगों ने हिस्सा लिया।
शुरुआत एग्जिट गेट पर डूडल एक्टिविटी व जागरूकता वार्ता से हुई। इसके बाद बाघों से जुड़ी क्विज प्रतियोगिता में 40 लोगों ने भाग लिया। टाइगर एनक्लोजर में कीपर्स टॉक के दौरान जू कीपर्स ने बाघों के व्यवहार, खान-पान व देखभाल की जानकारी दी, जिसमें 300 लोग शामिल हुए। वहीं, रीवा के सफेद बाघ मोहन व उसके वंशज विषय पर ऑनलाइन वेबिनार भी आयोजित किया गया।
शाम को डब्ल्यूडब्ल्यूएफ इंडिया व ईआईएसीपी के सहयोग से विशेष जागरूकता कार्यक्रम में 500 से अधिक लोगों ने टाइगर संरक्षण की शपथ ली। चिड़ियाघर के निदेशक डॉ. संजीत कुमार ने कहा कि बाघ वन्यजीव संरक्षण व स्वस्थ पारिस्थितिकी के लिए अहम हैं। चिड़ियाघर में वर्तमान में 14 बाघ हैं। ब्यूरो