नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन के अवसर पर दिल्ली की बिजली वितरण कंपनियों ने लोगों से धातुयुक्त (चाइनीज) मांझे का इस्तेमाल न करने की अपील की है। यह मांझा बिजली का अच्छा सुचालक है, जिससे करंट लगने, मौत होने और बिजली आपूर्ति बाधित होने का गंभीर खतरा रहता है।
बीएसईएस ने बताया कि एक 33/66 केवी ओवरहेड लाइन के ट्रिप होने से 10 हजार से अधिक लोगों की बिजली प्रभावित हो सकती है। वहीं, एक 11 केवी लाइन के ट्रिप होने पर 2,500 से अधिक उपभोक्ता प्रभावित होते हैं। टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड ने भी सुरक्षित पतंग उड़ाने की सलाह दी है। कंपनी ने कहा कि यह धारदार मांझा दोपहिया वाहन चालकों और पक्षियों को गंभीर रूप से घायल कर सकता है। डिस्कॉम ने लोगों से सूती या प्राकृतिक रेशों से बने धागे का उपयोग करने और बिजली लाइनों से दूर पतंग उड़ाने का आग्रह किया है। ब्यूरो