कोरोना महामारी के कारण जुलाई से सितंबर के दौरान खान मार्केट, साउथ एक्सटेंशन और कनॉट प्लेस जैसे दिल्ली के महंगे खुदरा बाजारों में किराया सालाना आधार पर 14 प्रतिशत कम हो गया है। एक रिपोर्ट में इसकी जानकारी दी गई है।
संपत्ति संबंधी परामर्श प्रदान करने वाली कंपनी कुशमैन एंड वेकफील्ड की रिपोर्ट ‘मार्केट बीट दिल्ली-एनसीआर क्यू3 2020’ के अनुसार, खान मार्केट में सितंबर तिमाही के दौरान औसत किराया एक महीने के लिए 1,200 रुपये वर्ग फुट था, जो साल भर पहले की समान अवधि से 14 प्रतिशत कम है।
रिपोर्ट के अनुसार, कनॉट प्लेस और साउथ एक्स एक व दो में साल भर पहले की तुलना में औसत मासिक किराया में 14 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली। अभी कनॉट प्लेस और साउथ एक्स में औसत मासिक किराया क्रमश: 900 रुपये और 600 रुपये प्रति वर्ग फुट है।
इसी तरह गुरुग्राम के सेक्टर 29 में औसत किराया 23 प्रतिशत गिरकर 180 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गया, जबकि यह नोएडा के सेक्टर 18 में सर्वाधिक 28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 180 रुपये प्रति वर्ग फुट पर आ गया।
रिपोर्ट के अनुसार, आलोच्य अवधि में प्रति वर्ग फुट औसत मासिक किराया लाजपत नगर में 250 रुपये, ग्रेटर कैलाश-एक एम ब्लॉक में 375 रुपये, राजौरी गार्डन में 225 रुपये, पंजाबी बाग में 225 रुपये, करोल बाग में 385 रुपये, कमला नगर में 380 रुपये और डीएलएफ गैलेरिया गुरुग्राम में 675 रुपये पर स्थिर रहा।