परिवहन विभाग में बढ़ रही अनियमितताओं के खिलाफ ऑटौ-टैक्सी यूनियनों ने मिलकर सरकार के खिलाफ विधानसभा के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने झुलझुली फिटनेस सेंटर में लेट फीस के नाम पर की जा रही करोड़ों की उगाही रोकने की मांग की। वहीं कई अन्य मुद्दों पर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मांगों का ज्ञापन सीएम को सौंपा।
दिल्ली टैक्सी टूरिस्ट ट्रांसपोर्ट यूनियन के अध्यक्ष संजय सम्राट ने इस प्रदर्शन का नेतृत्व किया। उन्होंने आरोप लगाया कि झुलझुली फिटनेस सेंटर में वाहनों की जानबूझकर वाहन की फिटनेस की तिथि समय बीतने के बाद दी जा रही है। इसके बाद लेट फीस के नाम पर 5 हजार रुपये प्रति वाहन वसूले जा रहे हैं।
प्रदर्शन में चालकों ने ओला-उबर के किराये सरकार द्वारा तय किए जाने और ऑटो के किरायों में वृद्धि की भी मांग की। प्रदर्शन में सर्वोदय ड्राइवर्स एसोसिएशन ऑफ दिल्ली के अध्यक्ष कमलजीत गिरल और एक्सपर्ट ड्राइवर सोल्यूशन संगठन के अध्यक्ष सुमित भारद्वाज, चालक शक्ति यूनियन के महासचिव पवन कुमार और तिपहिया वाहन संघ के अध्यक्ष संजय चावला समेत अन्य चालक संगठन शामिल थे।