दिल्ली यूनिवर्सिटी (डीयू) के एक कॉलेज की छात्रा को एनएच-9 पर ऑटो गैंग ने बंधक बनाकर लूटपाट की। चार बदमाशों ने छात्रा को बुरी तरह पीटा और छेड़छाड़ की। छात्रा को विजयनगर थाना क्षेत्र में फेंककर बदमाश भाग गए। कई घंटे तक पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। बाद में विजयनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई।
इंदिरापुरम की एक सोसायटी निवासी छात्रा डीयू के एक कालेज में बीकॉम प्रथम वर्ष में पढ़ती है। उसके पिता दिल्ली स्थित एक इंश्योरेंस कंपनी में एडवाइजर हैं। पिता के मुताबिक, 12 मार्च को बेटी के कॉलेज में डांस फेस्ट था। इससे वह लेट हो गई। वह रात करीब 10 बजे मेट्रो से नोएडा के इलेक्टॉनिक सिटी स्टेशन पर उतरी और वहां से पैदल एनएच-9 पर पहुंचीं।
वह इंदिरापुरम जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुई। ऑटो में ड्राइवर समेत दो युवक पहले से थे। छात्रा सवारी समझकर ऑटो में बैठ गई। आगे जाकर दो अन्य युवक भी ऑटो में बैठ गए। वह ऑटो को इंदिरापुरम की बजाय विजयनगर की ओर ले जाने लगे और लूटपाट शुरू कर दी।
बदमाशों ने हाथ-पैर व आंखों में पट्टी बांधकर छात्रा को सीट के पीछे डाल दिया। छात्रा के पास सिर्फ 200 रुपये मिले। बदमाशों ने उसे बुरी तरह पीटा और विश्वकर्मा रोड पर फेंककर भाग गए। सूचना पर छात्रा के पिता व परिजन पहुंचे।
आरोप है कि पुलिस उन्हें टरकाती रही और घटना इंदिरापुरम क्षेत्र की बताकर पल्ला झाड़ती रही। एसएसपी उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।