नोएडा के सेक्टर-62 के पास विपरीत दिशा में चल रहे कार चालक की लापरवाही की वजह से सवारियों से भरा ऑटो नाले में गिर गया। घटना में ऑटो में बैठीं 6 सवारियां घायल हो गईं। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों का अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराने के बाद घर भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, लेबर चौक के पास एक ऑटो चालक सवारी भरकर सेक्टर-62 मामूरा के लिए निकला था। सेक्टर-62 के पास पहुंचने पर विपरीत दिशा से आ रही कार से ऑटो की टक्कर हो गई।
इससे सवारियों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित नाले में जा गिरा। ऑटो के नाले में गिरते ही मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। आनन-फानन लोगों ने ऑटो में मौजूद सवारियों को निकालना शुरू कर दिया।
इसी बीच किसी ने यूपी-100 पर पुलिस को घटना की सूचना दे दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को मदद से सवारियों को बाहर निकलवाया। इसके बाद क्रेन बुलाकर ऑटो को नाले से बाहर निकलवाया।
सेक्टर-58 थाना प्रभारी शावेज खान ने बताया कि घटना के बाद सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। नाले में कोई सवारी दब नहीं गई हो, इसके लिए सर्च ऑपरेशन भी चलाया गया।
लेकिन, 6 सवारियों के अलावा अन्य कोई व्यक्ति नहीं मिला। वहीं, जिस कार से ऑटो की टक्कर हुई है। वह मौके से फरार हो गया था। पुलिस चालक का पता लगाने में जुटी है।
ज्यादा सवारियां बैठाना भी हादसे का कारण
शहर में ऑटो चालकों की मनमानी से हर कोई वाकिफ है। अधिक कमाई के चक्कर में चालक ऑटो में मानक से अधिक सवारियां बैठा लेते हैं। ऐसे में हादसे की संभावना बढ़ जाती है। तीन पहिये और मानक से ज्यादा सवारियां होने की वजह से ऑटो पर चालक नियंत्रण कम ही रहता है।
सेक्टर-62 के पास हुई घटना में भी यही देखने को मिला। ऑटो चालक ने अधिक सवारियां बैठा रखीं थीं। इस वजह से कार से टक्कर होते ही चालक का नियंत्रण खो गया और सवारियों से भरा ऑटो नाले में जा गिरा। ऐसे हादसों के बाद भी ऑटो चालक मनमानी और नियमों का उल्लंघन करने से बाज नहीं आते हैं।
यातायात पुलिस कर देती अनदेखा
करने के बाद भी यातायात पुलिस ऑटो चालकों की गलती को अनदेखा कर देती है। जबकि सड़क दुर्घटना की सबसे बड़ी वजह ऑटो चालक हैं। चालक 10 से 12 सवारियां भरकर तेज रफ्तार में ऑटो दौड़ाते हैं। इससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। बता दें कि लेबर चौक पर यातायात पुलिसकर्मी मौजूद रहते हैं। चालक उनके सामने ही ऑटो में मानक से अधिक सवारी भरते हैं। इसके बाद भी इन पर जुर्माना नहीं लगाया जाता है।