हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (हुडा) ने 2018 में होने वाली प्लॉटों की नीलामी के लिए संपत्तियों का ब्यौरा तैयार कर लिया है। विभाग ने इस नीलामी में कुल 32 व्यावसायिक व संस्थागत भूखंडों को शामिल किया है। जिनकी नीलामी 16 जनवरी को विभाग की साइट पर ऑनलाइन आयोजित की जाएगी।
नीलामी में भाग लेने के लिए आवेदक 11 जनवरी तक पंजीकरण करवा सकते हैं। अधिकारियों के मुताबिक नए वर्ष में हुडा द्वारा आयोजित की जाने वाली यह पहली नीलामी है। विभाग ने इस नीलामी के लिए संपदा एक अधिकार क्षेत्र में आने वाली करीब 50 संपत्तियों की सूची तैयार की थी।
जिसे सत्यापन के लिए मुख्यालय भेजा गया था। अधिकारियों के मुताबिक सत्यापन के बाद केवल 32 संपत्तियों को ही नीलाम करने की मंजूरी मिली है। इन संपत्तियों में सेक्टर चार में 9 व्यावसायिक बूथ, सेक्टर पांच में 7 व्यावसायिक बूथ और ओल्ड ज्यूडीशियल कॉप्लेक्स में 6 व्यावसायिक बूथों को शामिल किया गया है। वहीं सेक्टर 9ए मेें 8 डबल स्टोरी इमारतों सहित एक शिक्षण संस्थान और एक क्लीनिक साइट को भी नीलाम किया जाएगा।