पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना 15 अगस्त की है। राजधानी पार्क के रहने वाले कुछ लोगों ने थाने में शिकायत की। जिसमें उन लोगों ने बताया कि राजधानी पार्क इलाके में एक समुदाय का धार्मिक स्थल है। 15 अगस्त दोपहर 12 बजे सैकड़ों की संख्या में लोग इलाके में तिरंगा यात्रा के बहाने एक जुलूस लेकर गली में घुस गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लोगों ने बुलेरो, पिकअप वैन पर डीजे लगा रखा था और तेज आवाज में म्यूजिक बजाकर उत्पात मचाने लगे। लोग राष्ट्र भक्ति के नारे और गानों के बजाए धार्मिक और साम्प्रदायिक नारे लगा रहे थे।
यह देखकर इलाके में रहने वाले गणमान्य व्यक्ति अपने घरों से निकले और समझा-बुझाकर जुलूस को गली से बाहर निकाला। उसके बाद से जुलूस निकालने वाले लोग सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो वायरल करने लगे। जिससे दो समुदाय के बीच तनाव का माहौल पैदा हो गया। जिसे देखते हुए स्थानीय लोगों ने 18 अगस्त को पुलिस को लिखित शिकायत दी। साथ ही इसकी शिकायत केंद्रीय गृह मंत्रालय और पुलिस उपायुक्त को दी है। छानबीन के बाद नांगलोई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन कर रही है।