एक छात्र के चेहरे पर आए छह टांके, दूसरे की हालत गंभीर
पूर्वी दिल्ली। खजूरी खास में नकल कर रहे छात्र का नाम शिक्षक को बताने पर आरोपी छात्रों ने उसको जमकर पीटा और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दो छात्र घायल हो गए। इसमें से एक छात्र के चेहरे पर चाकू लगने से छह टांके आए, जबकि दूसरे छात्र के हाथ की नस में चाकू लगने से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। छात्रों की पहचान रवि ढेढा और प्रिंस ढेढा के रूप में हुई है।
रवि के पिता शिवराज ने बताया कि प्रिंस और उनका बेटा तुर्कमानपुर स्थित एक स्कूल में पढ़ते हैं। आठ सितंबर को वह टेस्ट देने के लिए गए थे, इस दौरान शिक्षक ने उन्हें नकल करने वाले छात्रों पर नजर रखने को कहा। इसके बाद उन्होंने कक्षा में नकल कर रहे एक छात्र का नाम शिक्षक को बता दिया। इससे नाराज आरोपी छात्र शिक्षक के जाने के बाद रवि पर भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। उस समय शिक्षकों ने मिलकर मामला शांत कराया लेकिन अगले दिन आरोपी युवक स्कूल नहीं आया। 10 सितंबर को छुट्टी के बाद रवि और प्रिंस स्कूल से बाहर आए। इसी दौरान आरोपी छात्र ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने दोनों को बुरी तरह पीटा और इसके बाद उनपर चाकू के कई वार कर दिए। हमले में दोनों बुरी तरह घायल हो गए। आरोपियों के जाने के बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां उनका उपचार किया गया।