एक नामी यूनिवर्सिटी के स्थानीय छात्रों ने उसी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले कश्मीरी छात्रों के साथ मारपीट की है। साथ ही उन पर पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी करने का दबाव बनाया।
दरअसल, इन दिनों लगातार पाकिस्तान की ओर से सीज फायर तोड़ने और हिंसा की खबरें आ रही हैं। इसी के विरोध में ग्रेटर नोएडा सेक्टर-22 स्थित एक यूनिवर्सिटी के हास्टल में स्थानीय छात्र के पाकिस्तान के विरोध में नारे लगा रहे थे।
इसी बीच उन्होंने हॉस्टल में रहने वाले कश्मीरी छात्रों से भी पाकिस्तान विरोधी नारा लगाने को कहा। तभी कुछ छात्र कश्मीरी छात्रों के कमरे में घुस गए और मारपीट करने लगे।
धरने पर बैठे कश्मीरी छात्र
हॉस्टल में कश्मीरी छात्रों के कमरे में घुसकर हुई मारपीट से नाराज कश्मीरी छात्रों ने हॉस्टल के गेट के सामने हंगामा शुरू कर दिया।
दरअसल, कमरे में स्थानीय छात्र के घुसने के बाद तीन कश्मीरी छात्र हॉस्टल से बाहर आ गए, इसी बीच छह स्थानीय छात्रों ने उनके साथ बदसलूकी करते हुए पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी करने का दबाव बनाया।
इस घटना के बाद कश्मीरी छात्रों ने हंगामा किया और आरोपी छात्रों को यूनिवर्सिटी से निष्काष्ति कराने के लिए सड़क पर धरना देने लगे।
पुलिस ने संभाला मामला
छात्रों के बीच तकरार बढ़ने और माहौल में बढ़ रहे तनाव को देखते हुए कुछ छात्रों ने ही मामले की सूचना यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस प्रशासन को दे दी।
इसके बाद दनकौर कोतवाली क्षेत्र की पुलिस ने और यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत किया। उधर, आला अधिकारियों ने हास्टल के पास पुलिस तैनात कर दी है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपित छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने बताया मामूली विवाद
एसपी डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह का कहना है कि छात्रों के दो गुटों के बीच मामूली सा विवाद हो गया था।
जिस पर यूनिवर्सिटी प्रशासन ने जांच कर कठोर कदम उठाने का आश्वासन दिया है। छात्रों के बीच कोई गंभीर प्रकरण नहीं हुआ है।
जिससे किसी तरह का तनाव हो। हालांकि एतियात के तौर पर हॉस्टल में पुलिस तैनात कर दी गई है।