पांडव नगर कैश वैन से पांच लाख रुपये लूट मामले में पुलिस आशंका जता रही है कि वारदात को किसी कर्मचारी की सूचना पर अंजाम दिया गया। पुलिस की मानें तो पिछले 20 दिनों से पांडव नगर स्थित एटीएम खराब था।
रविवार शाम को ही इसे ठीक किया गया था। सोमवार को जैसे ही कैश वैन रुपये लेकर पहुंची, बदमाशों ने वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आखिर बदमाशों को कैसे पता चला कि सोमवार को कैश वैन रुपये लेकर पांडव नगर आएगी। इसी आधार पर पुलिस आशंका जता रही है कि वारदात में किसी जानकार का हाथ है।
मामले की छानबीन कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार सुबह को जनकपुरी स्थित ब्रिकंस कंपनी की कैश वैन करीब 60 लाख के 100 और 500 के नोट लेकर पूर्वी दिल्ली आई थी।
प्रीत विहार में दो और शकरपुर में एक एटीएम में कैश डालने के बाद दोपहर करीब 2:00 बजे कस्टोडियन व वैन इंचार्ज एक ब्रीफकेस में पांच लाख रुपये डालने के लिए लेकर वैन से नीचे उतरे। इस बीच वैन चालक व एक अन्य कस्टोडियन 40 लाख रुपये के साथ वहीं बैठे रहे।
बदमाशों ने अब्दुल कादिर व वैन इंचार्ज से कैश लूटा और फरार हो गए। 2:15 बजे मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी कर्मचारियों को थाने लाकर उनसे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान कैश वैन के साथ मौजूद लोगों ने बताया कि एक बदमाश ने हेलमेट लगाया हुआ था, जबकि बाकी दो नकाबपोश थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश कर रही है।