महिलाओं की सुरक्षा को लेकर रेलवे के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। एक घटना सोमवार की रात बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर देखने को मिली। काफी संख्या में शरारती तत्व मथुरा शटल की महिला कोच में सवार हो गए और महिला यात्रियों के साथ धक्कामुक्की की। कोच में अफरातफरी मच गई। एक यात्री की सूचना पर ट्रेन जब पलवल स्टेशन पर पहुंची तो आरपीएफ के जवानों ने डंडे चटकाकर पुरुष यात्रियों को उतारा।
सोमवार की रात नई दिल्ली से मथुरा जाने वाली शटल 64910 रात 7:50 बजे बल्लभगढ़ स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-5 पर आकर रुकी। प्लेटफार्म पर आरपीएफ और जीआरपी के गायब होने के कारण शरारती तत्व महिला कोच में चढ़ने लगे।
कई महिला यात्री जब कोच में चढ़ने लगी तो शरारती तत्वों ने उन्हें धकेलना शुरू कर दिया। महिला यात्रियों ने इसका विरोध किया लेकिन ट्रेन चल चुकी थी। असावटी स्टेशन पहुंचने पर कुछ लोग उतर गए। फिर भी बदसलूकी बंद नहीं हुई।
किसी यात्री ने आरपीएफ पलवल के चौकी प्रभारी को इसकी सूचना दी। रात 8:20 बजे ट्रेन जब प्लेटफार्म नंबर पांच पर पहुंची तो आरपीएफ जवानों ने महिला कोच में बैठे पुरुष यात्रियों पर डंडे चटकाकर उतार दिया। उसके बाद ट्रेन मथुरा के लिए रवाना हुई। जीआरपी चौकी इंचार्ज सोहन पाल का कहना है कि इसकी जांच की जाएगी।