दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी के सरकारी आवास में रविवार रात हुई तोड़फोड़ और स्टाफ को पीटने के मामले में पीसीआर में तैनात एएसआई कैलाश चंद को जांच होने तक निलंबित कर दिया गया।
दूसरी तरफ पुलिस ने सांसद मनोज तिवारी को सीसीटीवी फुटेज देने के लिए नोटिस दिया है। तिवारी ने अपने सरकारी आवास के सामने खुद कई सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे हैं। पुलिस के अनुसार 100 नंबर पर कॉल होने पर पीसीआर सबसे पहले पहुंची थी।
पीसीआर इंचार्ज एएसआई कैलाश आरोपियों को लेकर सांसद के घर में घुस गए थे। आरोप है कि वह आरोपियों को सांसद के आवास में घुमाते रहे। सीसीटीवी फुटेज में भी दिखाई दे रहा है कि एएसआई आरोपियों को सांसद के आवास के अंदर लेकर जा रहे हैं और काफी समय बाद बाहर निकल रहे हैं।