सूरजकुंड थाने में तैनात एक एसआई पर महिला ने मारपीट करने का आरोप लगाया है। मारपीट में पीड़िता के दो दांत टूट गए हैं। उसने एसआई की शिकायत एसीपी से की है। वहीं पुलिस ने ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी से मारपीट व वर्दी फाड़ने के आरोप में महिला व परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, मारपीट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
थाना सूरजकुंड क्षेत्र निवासी महिला ने बताया कि बुधवार शाम को उनकी बेटी और बेटे के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इस पर उनकी 17 वर्षीय बेटी ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर दिया। इस पर थाने से पुलिस उनके घर पहुंची और परिजनों को किशोरी को लेकर थाने आने को कहा। महिला का आरोप है कि थाने में मौजूद एसआई वीरेंद्र के पास उनकी बेटी के दहेज के मामले की जांच है। वीरेंद्र उन पर मामले में समझौते के लिए दबाव बना रहा था। उन्होंने उसे समझौते के लिए मना कर दिया था। इस पर वह नाराज था। थाने पहुंचने पर एसआई ने उन्हें धमकाया तो महिला ने विरोध किया, जिस पर एसआई ने उसे मुक्का मार दिया। इससे उसके दो दांत टूट गए। महिला ने एसआई की शिकायत एसीपी एनआईटी से की है।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि किशोरी ने कंट्रोल रूम में फोन कर बताया था कि माता-पिता उसे पीट रहे हैं। इस पर हवलदार मोनू कार्रवाई के लिए उसके घर पहुंचे तो युवती ने कहा कि वह थाने में आकर शिकायत देगी। पुलिस के अनुसार युवती के पीछे-पीछे उसके माता-पिता और दादी भी थाने पहुंच गई। युवती की दादी ने उसके साथ मोबाइल खींचना चाहा, जिस पर दोनों की थाने में ही कहासुनी होने लगी। इस दौरान एसआई वीरेंद्र वहां आ गए और उन्हें ऐसा करने से रोका। आरोप है कि युवती की दादी ने एसआई वीरेंद्र पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने उनकी बड़ी बेटी के दहेज के मामले की सही तरीके से जांच नहीं की और सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। इसके बाद उन्होंने वीरेंद्र को पीटना शुरू कर दिया और उसके पैर में काट लिया। उन्होंने वीरेंद्र की वर्दी भी फाड़ दी। पुलिस ने इनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।