पड़ोसी युवक ने निधि से जान का खतरा बताया
अंजलि की सहेली निधि पर उसके पड़ोस में रहने वाले युवक निशांत ने धमकाने का आरोप लगाया है। निशांत वही युवक है जिसने घटना वाली रात एक जनवरी को सबसे पहले निधि को उसके घर के पास देखा था। निशांत ने निधि से जान का खतरा बताया है। निशांत ने कहा कि मैंने जो कुछ भी निधि के बारे में बताया है उसको लेकर वह मुझे फोन पर धमकी दे रही है।
निशांत ने बताया कि निधि उससे कह रही है कि वह पुलिस को उसके बारे में जानकारी क्यों दे रहा है। वह उसके साथ गाली गलौज कर रही है। निशांत ने कहा कि निधि उसे 4 जनवरी को शाम 7.03 बजे फोन किया था। उसने कहा कि उसके पास बातचीत की रिकार्डिंग है। निशांत ने सुल्तानपुरी थाने में इस बाबत शिकायत दी है। निशांत ने बताया कि पुलिस उसकी बातों पर यकीन नहीं कर रही है और कह रही है कि महिला इस तरह धमकी नहीं दे सकती है। पुलिस ने उसकी फोन की रिकॉर्डिंग भी नहीं सुनी है।
अंजलि की मां रेखा बोलीं.. मुझे जान का खतरा
कंझावला कांड की मृतका अंजलि की मां रेखा ने अपनी जान की खतरा बताते हुए मामले की सीबीआई जांच करवाने की मांग की है। उन्होंने पुलिस पर गलत बर्ताव करने का आरोप लगाया है। परिवार का आरोप है कि मामले को दबाने के लिए अंजलि को बदनाम किया जा रहा है। रात में पुलिसकर्मी आते हैं और उसके भाई को आरोपी की तरह धक्का मारकर थाने ले जाते हैं। उन्हें थाने में डराया-धमकाया जाता है।
वहीं, अंजलि के मामा का कहना है कि घटना के दिन पुलिस कहां थी, इस तरह के सवालों से बचने के लिए पुलिस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है। वाई ब्लॉक मंगोलपुरी में रहने वाली अंजलि की मां रेखा ने बताया कि पुलिस उससे या उसके भाई से पूछताछ करने के लिए दिन में नहीं आती। वह हर दूसरे-तीसरे दिन रात के बारह एक बजे घर आ जाते हैं और मेरे भाई को पकड़कर धक्का मारते हैंं और गाड़ी में बिठाकर थाने ले जाते हैं। हमारे साथ ऐसा व्यवहार हो रहा है कि हमने ही बेटी को मारा है।