एनसीआर ऑटो में जल्द ही पैनिक बटन की सुविधा दिलाई जाएगी। यह बटन यात्री के ठीक सामने रहेगा। किसी तरह की अप्रिय घटना की आशंका के दौरान महिला यात्री इसे दबाकर सहायता प्राप्त कर सकती है।
आरटीओ (गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर) मयंक ज्योति ने यह जानकारी अमर उजाला कार्यालय में संवाद कार्यक्रम के दौरान दी। उन्होंने बताया कि बटन दबते ही इसकी सूचना जीपीस प्रोवाइडर के सेंट्रल सरवर तक जाएगी।
वहां से जीपीएस सर्विस प्रोवाइडर इसे पुलिस को एक खास नंबर पर मेसेज भेजकर सूचित करेगा। यही नहीं इसके बाद वह हर मिनट उस ऑटो की लोकेशन भी देगा। यह सुविधा, एनसीआर के सभी जिलों के लिए होगी।
ऐप से घर बैठे मिलेगी ऑटो-टैक्सी
परिवहन विभाग 15 मार्च से एक मोबाइल ऐप लांच करेगा। इसके माध्यम से उपभोक्ता घर बैठे ही एनसीआर के किसी भी लोकेशन पर ऑटो-टैक्सी को बुला सकेगा।
एनसीआर ऑटो के बराबर होगा लोकल का किराया
अब एनसीआर ऑटो के बराबर लोकल ऑटो का किराया होगा। इस बारे में परिवहन विभाग की कमिश्नर के साथ बातचीत चल रही है। जल्द ही इस पर आदेश जारी होगा।
ऑटो मालिकों का तैयार हो रहा डेटा बेस
नोएडा में ऑटो मालिकों का डेटा बेस तैयार हो रहा है, ताकि किसी अप्रिय घटना के दौरान चालक के बारे में पूरी जानकारी हासिल की जा सके। किसी घटना की जवाबदेही भी ऑटो मालिक की होगी।
अवैध ऑटो चालकों की हो रही धरपकड़
उच्चाधिकारियों के आदेश के बाद जिले में अवैध ऑटो चालकों की धरपकड़ हो रही है, जो नियमों को ताक पर रखकर ऑटो चला रहे हैं। फिलहाल दो दिन में ऐसे 75 ऑटो बंद किए जा चुके हैं।