शनिवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर आप सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा के सांसदों, पूर्व सांसदों समेत अन्य पतों का इस्तेमाल कर वोट बनवाए जा रहे हैं। नई दिल्ली से भाजपा के प्रत्याशी प्रवेश वर्मा जिस सांसद आवास में रहते हैं उस पते पर 33 वोट बनवाने के आवेदन दिए।
केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी व कमलेश पासवान समेत अन्य सांसदों के पते पर बड़ी संख्या में वोट बनवाने के आवेदन आए हैं। जिन लोगों के नाम से वोट बनवाने जा रहे हैं, उनके बारे में भी कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान जिन पतों पर 2-5 वोट थे, अब उन्हीें पतों पर 28 से लेकर 44 तक फर्जी वोट बनवाए जा रहे हैं। उन्होंने मांग रखी कि चुनाव आयोग इस पर संज्ञान लेकर तत्काल कार्रवाई करे।
सांसद संजय सिंह ने बताया कि 87 बेसमेंट जोरबाग लोधी रोड के पते पर 20 वोट बनवाने के आवेदन दिए गए। जबकि बेसमेंट में रहने का पता नहीं दे सकते। एनडीएमसी का फ्लैट पालिका कुंज में है। इस दो बेडरूम के फ्लैट में 19 वोट बनवाने की आवेदन दी गई है। कालीबाड़ी मार्ग पर 20/4सी के दो बेडरूम के पते पर 18 लोगों के वोट बनवाने की एप्लीकेशन दी गई है।
मुकदमा दर्ज करवाए आयोग
संजय सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग को तत्काल संज्ञान लेकर इन लोगों के खिलाफ इस चुनाव में गड़बड़ी करने में शामिल होने का मुकदमा दर्ज कराना चाहिए। संजय सिंह ने कहा कि बाल्मिकी मंदिर 85, 112 स्टाफ क्वाटर लेडी हॉर्डिंग गोल मार्केट के पते पर 44 वोट बनने के लिए एप्लीकेशन दी गई है। लोकसभा चुनाव के दौरान इस पते पर केवल 5 वोट थे। उन्होंने कहा कि दुनिया का कोई भी सिस्टम इतनी तेजी से जनसंख्या नहीं बढ़ा सकता है।