लोक सभा की उम्मीदवारी पर आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर सफाई दी है कि किसी विधायक को टिकट नहीं दिया जाएगा।
हालांकि उन्होंने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया कि टिकट देने में तयशुदा प्रक्रिया का किसी तरह उल्लंघन किया जा रहा है। केजरीवाल विधायक राखी बिडलान के बारे में उठे एक सवाल का जवाब दे रहे थे।
दरअसल, आप की लोक सभा उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी होने से पहले ही लीक हो गई। इसमें पार्टी विधायक राखी बिडलान को भी उत्तर-पश्चिमी संसदीय सीट से टिकट मिलने की संभावना जताई गई थी।
राखी बिड़ला का होने लगा था विरोध
सूचना बाहर आते ही राखी के समर्थन में इलाके में पोस्टर व होर्डिंग भी लग गए। इसके बाद इसका विरोध शुरू हो गया। आलम यह रहा कि पिछले पांच दिनों से करीब एक दर्जन कार्यकर्ता हनुमान रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर धरने पर बैठे हैं।
बुधवार को मीडिया से बात करते समय केजरीवाल से बताया कि पार्टी किसी विधायक को लोक सभा का टिकट नहीं देगी। केजरीवाल के मुताबिक, पार्टी ने पहले ही साफ कर दिया कि इस बार सक्रिय कार्यकर्ताओं की वोटिंग नहीं कराई जाएगी।
इसकी जगह उम्मीदवार का नाम तय होने के बाद उसका प्रोफाइल पार्टी की आधिकारिक वेबसाइट पर डाला जा रहा है। किसी भी उम्मीदवार के बारे में अगर किसी के पास भ्रष्टाचार, अपराध या असामाजिक गतिविधियों में शामिल होने के बारे में जानकारी है तो प्रमाण मिलने पर पार्टी उसका टिकट रद्द कर देगी।
इससे पहले भी पलट चुके हैं केजरीवाल
दिल्ली विधानसभा चुनावों के बाद लोकसभा चुनाव की तरफ बढ़ रहे अरविंद केजरीवाल को अब सीटों की तादाद की अहमियत समझ आ रही है और इसी वजह से मौका और मंच देखकर कई बार मुद्दे बदलने पड़ रहे हैं और कई बार अपने बयान। ऐसा ही एक वाकया सोमवार को पेश आया, जब उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार सबसे बड़ा मुद्दा नहीं है। इससे भी बड़ा मुद्दा कुछ और है।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश के सामने खड़ा सबसे बड़ा मुद्दा साम्प्रदायिकता है, जो भ्रष्टाचार से भी ज्यादा अहम है। जाहिर है, आम आदमी पार्टी का मुख्य मुद्दा और राजनीति का केंद्र अब तक करप्शन रहा है।
इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर में केजरीवाल ने यह बयान दिया। दर्शकों में मुस्लिम अकादमियों और जानकार मौजूद थे, तो जाहिर है मौका ही ऐसा था कि कुछ कहा जाए।