सत्येंद्र जैन से अस्पताल में मिले अरविंद केजरीवाल
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्तपताल (एलएनजेपी) अस्पताल में भर्ती दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन से मुलाकात की। अरविंद केजरीवाल ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्तपताल पहुंचते ही सत्येंद्र जैन को गले लगा लिया। इस दौरान सीएम केजरीवाल ने सत्येंद्र जैने से उनका हाल जाना। बता दें कि दो दिन पहले सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें 6 सप्ताह यानी 42 दिनों के लिए जमानत पर छोड़ा है।
जानकारी के मुताबिक, लोकनायक अस्पताल में उपचार करवा रहे दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन से मुलाकात करने रविवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सत्येंद्र जैन का हालचाल पूछा। साथ ही डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी हासिल की। करीब आधे घंटे तक दोनों के बीच कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
वहीं, अस्पताल सूत्रों का कहना है कि पूर्व स्वास्थ्य मंत्री की हालत अभी बेहतर है। उनके सिर में खून का थक्का जमा हुआ है। इसके अलावा अन्य चोट हैं। बता दें कि बृहस्पतिवार को चक्कर आने के कारण सत्येंद्र जैन तिहाड़ जेल के शौचालय में गिर गए थे। हादसे के बाद उन्हें दीन दयाल अस्पताल ले जाया गया था, जहां से उन्हें लोकनायक अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। यहां पर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री का उपचार चल रहा है। फिलहाल डॉक्टरों का कहना है कि अब उनकी हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही उनकी हालत बेहतर हो जाएगी।
मुलाकात के बाद ट्वीट करते हुए अरविंद केजरीवाल ने अपने पूर्व मंत्री के बारे में लिखा है- 'आज मैं एक बहादुर शख्स से मिला जो आज के दौर का हीरो है'।