दिल्ली में चुनाव से ठीक एक दिन पहले अरविंद केजरीवाल उस ऑटो ड्राइवर के घर पहुंच गए जिसने मंगलवार को अरविंद केजरीवाल को थप्पड़ मारा था। अरविंद केजरीवाल सुलतानपुरी स्थित किराड़ी इलाके में लाली कुमार नाम के उस ऑटो ड्राइवर के घर पहुंच कर उससे बात की।
इस दौरान थप्पड़ मारने वाले लाली ने अरविंद केजरीवाल से माफी मांग ली है। अभी तक यह नहीं पता चल पाया है कि केजरीवाल और ऑटो ड्राइवर के बीच क्या बात हुई है। मंगलवार को किराड़ी में रोड शो के दौरान अरविंद केजरीवाल को ऑटो ड्राइवर लाली ने माला पहनाने के बाद उन्हें थप्पड़ मारा था।
उस दौरान लाली ने आम आदमी पार्टी की चिर परिचित टोपी भी पहन रखी थी। केजरीवाल को थप्पड़ मारने के बाद लाली को पार्टी समर्थकों ने भी मारा। जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
रोड शो बंद कर राजघाट चले गए थे केजरीवाल
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर पिछले चार दिनों में यह दूसरा हमला है। इससे पहले दक्षिणी दिल्ली में भी रैली के दौरान एक शख्स ने उन्हें थप्पड़ मारा था।
अचानक हुए इस हमले से केजरीवाल का चश्मा टूट गया और उनके चेहरे पर सूजन आ गई। हमले से आहत केजरीवाल ने रोड शो वहीं खत्म करने का ऐलान किया और शांति की दुआ करने राजघाट स्थित बापू की समाधि पर चले गए।
इस दौरान पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया, राखी बिडलान, सोमनाथ भारती भी उनके साथ करीब एक घंटे तक बापू की समाधि के सामने बैठे रहे।
ऑटो ड्राइवर को आप समर्थकों ने मारा
माना जा रहा है कि ऑटो वालों से किए गए वादों को पूरा न करने की वजह से वह नाराज था। उत्तर पश्चिम लोकसभा क्षेत्र के सुल्तानपुरी इलाके में रोड शो के दौरान पहले तो उसने केजरीवाल को माला पहनाई और फिर थप्पड़ मार दिया।
इसके बाद आप कार्यकर्ताओं ने उस व्यक्ति की पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने उसे बचाया। घटना के तुरंत बाद आप ने इसके लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है।
हमले के पीछे कोई मास्टर माइंड: केजरीवाल
‘सारे हमलों के पीछे किसी का मास्टर माइंड काम कर रहा है, लेकिन मुझे नहीं पता वह कौन है। उनका मकसद क्या है। वह क्या हासिल करना चाहते हैं, लेकिन मैं उनसे कहना चाहता हूं कि अगर हमको मारने से देश की समस्याओं का समाधान हो सकता है तो वह जहां कहें, अकेले आ जाऊंगा। वह जी भर कर हाथ चला लें।
समर्थकों से मेरी गुजारिश है कि वह किसी भी कीमत पर हाथ न उठाएं।’ उत्तर-पश्चिमी सीट पर रोड शो के दौरान हुए हमले के बाद अरविंद केजरीवाल ने यह टिप्पणी की।
‘आप’ संयोजक ने कहा, ‘मंगलवार को हमारे ऊपर पांचवां हमला हुआ है। लड़ाई आरपार की है। अभी इससे बड़े हमले हो सकते हैं। मेरी जान को खतरा है। हत्या भी हो सकती है। फिर भी मैं सुरक्षा नहीं लूंगा। मेरे साथ भगवान है। हमलावर कहते हैं कि मैंने अपने वादों को पूरा नहीं किया है, लेकिन समझ में नहीं आता कि मैंने गुजरात, उत्तर प्रदेश व हरियाणा की जनता से कौन से वादे किए थे, जिनके पूरा न होने पर वहां हमला किया गया।’
ऑटो ड्राइवर ने पुलिस को दांत गड़ाकर भागना चाहा
किराड़ी में रोड शो के दौरान केजरीवाल पर हमला करने वाले आरोपी लाली ने थाने से भागने की कोशिश की। उसने थाने में एक एएसआई के हाथ में दांत से काट लिया और वहां से भाग गया, लेकिन बाहर पहुंचते ही एक सिपाही ने उसे दबोच लिया।
सूत्रों के मुताबिक, ‘आप’ समर्थकों की पिटाई के बाद पुलिस ने लाली को लेकर संजय गांधी अस्पताल पहुंची, वहां प्राथमिक उपचार होने के बाद उसे थाने में लाया गया। पूछताछ के दौरान उसने एएसआई सतवीर सिंह (52) के हाथ में दांत से काट लिया। सतवीर सिंह जब तक संभल पाते तब तक आरोपी थाने से भागकर सड़क पर आ गया।
हालांकि, एक सिपाही ने उसका पीछा कर उसे दबोच लिया। लाली पर थाने में कड़ी नजर रखी जा रही है। वहीं, एएसआई सतवीर को संजय गांधी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
ऑटो ड्राइवर ने कहा, पार्टी को दिया था चंदा
आरोपी ऑटो चालक ने बताया कि उसने ‘आप’ को चंदे में पांच सौ रुपये दिए हैं, लेकिन केजरीवाल सरकार ने उनके लिए कुछ भी नहीं किया। दिल्ली की जनता ने इस पार्टी को दान दिया है पर आज सभी ठगा महसूस कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी लाली मकान संख्या 209, गली नंबर आठ, किराड़ी, अमन विहार में रहता है।
सुल्तानपुरी थाना पुलिस का कहना है कि लाली केजरीवाल पर आरोप लगा रहा है कि उन्होंने वादे बहुत किए थे, मगर पूरा एक भी नहीं हुआ। पुलिस के मुताबिक, उनको केजरीवाल या उनकी पार्टी की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। वहीं, केजरीवाल का कहना है कि वह अपनी तरफ से कोई शिकायत नहीं देंगे। पुलिस चाहे तो जांच कर इसके पीछे साजिश का पता लगा सकती है।