आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में अरविंद केजरीवाल ने अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि पार्टी उन्हीं राज्यों में चुनाव लड़ेगी जहां उसके 100 में से 90 उम्मीदवारों के जीतने की संभावना हो।
इस बैठक का मकसद आप की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का चुनाव करना भी था। बैठक में 25 सदस्यों का चुनाव किया गया जिसमें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित आशुतोष और कुमार विश्वास का नाम शामिल है। बता दें इसी बैठक के दौरान पिछले साल भारी हंगामा हुआ था जिसके बाद आप के संस्थापक सदस्यों में शामिल प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव सहित चार बड़े नेताओं को कार्यकारिणी से निष्कासित कर दिया गया था।
बुधवार को हुई बैठक में केजरीवाल ने अपने कार्यकर्ताओं के सामने दिल्ली सरकार की उपलब्धियों गिनाने के साथ केंद सरकार पर जमकर निशाना साधा।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार और उसके काम की तारीफ पूरी दुनिया कर रही है लेकिन केंद्र सरकार हमें काम नहीं करने दे रही है। हालांकि इस विरोध के बावजूद हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पर आरोप लगाया जा रहा है कि सस्ता पानी देने से सरकार अपना नुकसान कर रही है जबकि हमें 176 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है।