श्रीराम और हनुमान की कलाकृतियां 30 अक्तूबर तक देख सकेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सचिवालय में सोमवार को मनुष्यता के पथ प्रदर्शक श्रीराम विषय पर कला प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग तथा मेघवर्ण आर्ट गैलरी के संयुक्त सहयोग से आयोजित यह प्रदर्शनी 30 अक्तूबर तक चलेगी।
प्रदर्शनी में श्रीराम की जीवन यात्रा, वनवास और रामायण के अन्य प्रसंगों को चित्रों में प्रस्तुत किया गया है। आयोजकों के अनुसार, ये कलाकृतियां इससे पहले श्रीराम जन्मभूमि में भी प्रदर्शित की जा चुकी हैं।
कला एवं संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा ने कलाकारों को शॉल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श, मर्यादा और राष्ट्रधर्म भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा के अभिन्न अंग हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कलाकारों की रचनात्मकता और भारतीय संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने के उनके प्रयासों की सराहना की।