-आईजीआई एयरपोर्ट पर दस्तावेज की जांच में हुआ खुलासा, जांच में जुटी
दो पासपोर्ट के साथ थाईलैंड से लौटा था यात्री, पुलिस ने फर्जीवाड़ा का किया मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस ने अलग-अलग पहचान बताकर दो पासपोर्ट हासिल कर विदेश यात्रा करने वाले एक यात्री को गिरफ्तार किया है। इमिग्रेशन विभाग के दस्तावेज जांच के दौरान फर्जीवाड़ा का खुलासा हुआ। यात्री की पहचान राहुल उर्फ साहुल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी पहचान और जन्मतिथि समेत अन्य जानकारियां बदलकर दूसरा पासपोर्ट हासिल किया और उसके जरिए उसने थाईलैंड की यात्रा की। इमिग्रेशन विभाग के अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने फर्जीवाड़ा का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के अनुसार मामला 27 अगस्त की है। एक भारतीय यात्री साहुल कुमार थाईलैंड से आईजीआई एयरपोर्ट पर पहुंचा। इमिग्रेशन अधिकारी ने यात्री के दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान यात्री पर शक हुआ कि उसके पास कोई अन्य पासपोर्ट भी हो सकता है। इमिग्रेशन रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि यात्री के पास दो अलग-अलग पहचान वाले भारतीय पासपोर्ट हैं। एक पासपोर्ट में उसका नाम साहुल कुमार जन्मतिथि 14 जून 1995 और पिता का नाम रामभवन दर्ज है, जबकि दूसरे पासपोर्ट में नाम राहुल, जन्मतिथि 5 जुलाई 1997 और पिता का नाम राम भवन यादव दर्ज है। रिकॉर्ड में दोनों पासपोर्ट के जन्म स्थान भी अलग-अलग बताए गए हैं।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी पहले वाले से थाईलैंड गया था। 6 मार्च 2024 को थाईलैंड से उसे डिपोर्ट कर दिया गया था। वहां से वह कोलकाता पहुंचा था। इसके बाद उसने अपनी अलग पहचान बताकर दूसरा पासपोर्ट हासिल कर लिया और इस पासपोर्ट से 31 मई 2024 को दिल्ली एयरपोर्ट से थाईलैंड चला गया। इमिग्रेशन विभाग के अधिकारी ने यात्री पर फर्जीवाड़ा कर पासपोर्ट हासिल करने का आरोप लगाते हुए उसे पुलिस के हवाले कर दिया। साथ ही इमिग्रेशन अधिकारी ने पुलिस को पासपोर्ट, दोनों पुराने पासपोर्ट की प्रतियां, यात्रा जानकारी, पैसेंजर लॉग, कैमरा इमेज और मूल बोर्डिंग पास समेत कई दस्तावेज पुलिस को सौंपे हैं। इमिग्रेशन अधिकारी की शिकायत पर आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस उपायुक्त विचित्र वीर के मुताबिक पुलिस यात्री से पूछताछ कर फर्जीवाड़ा में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।