दिल्ली सरकार के गृहमंत्री सत्येंद्र जैन ने शुक्रवार को बताया कि अर्पित होटल का अग्निकांड पूरी दिल्ली के लिए सबक है। भविष्य में इस तरह के हादसों को रोकने के लिए सरकार ने करोल बाग के होटलों की जांच कराई।
13 फरवरी को दस्ते ने 23 होटलों की जांच की। इसमें से 13 होटल मानकों पर खरे नहीं उतरे। सरकार ने इनकी फायर एनओसी रद्द कर दी, जबकि अगले दिन 14 फरवरी को 22 होटलों में से 17 में गड़बड़ियां मिलीं। इनकी एनओसी भी रद्द कर दी गई है। जांच अभियान अभी करोल बाग में चल रहा है। आने वाले दिनों में पूरी दिल्ली के होटलों की जांच होगी।
सत्येंद्र जैन के मुताबिक, जिन होटलों की फायर एनओसी रद्द की गई है, वह अब आगे इसे नहीं चला सकेंगे। इन्हें सील करने के लिए एमसीडी को पत्र लिखा गया है। सरकार आगे भी इन पर हुई कार्रवाई पर नजर रखेगी। सत्येंद्र जैन का कहना है कि सरकार एनओसी के नियमों में बदलाव करने जा रही है। अगले सप्ताह इस पर रिपोर्ट तैयार होगी। इसके तहत होटल के गलियारों में लकड़ी और प्लास्टिक शीट पर सख्त रोक लगेगी।