संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेंट्रल दिल्ली क्वींस को छह विकेट से हराकर दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के फाइनल में प्रवेश कर लिया। अरुण जेटली स्टेडियम में सेंट्रल दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 122 रन बनाए।
निधि माहतो ने 47 गेंदों पर 49 रन की पारी खेली, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल रहा। अरुशी गोयल ने 46 गेंदों पर 43 रन बनाए और पांच चौके लगाए। दोनों ने मिलकर पारी को संभाला। मोनिका ने 12 गेंदों पर नाबाद 19 रन बनाकर टीम को 122 रन तक पहुंचाया। नॉर्थ दिल्ली की ओर से नाजमा ने चार ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि अपेक्षा आनंद ने दो विकेट हासिल किए।
123 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने 18.4 ओवर में चार विकेट पर 123 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। अर्चना ने 44 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए और चार चौके लगाए। समायरा राघव ने 19 गेंदों पर नाबाद 20 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया।
कप्तान आयुषी सोनी ने 22 और नाजमा ने 14 रन का योगदान दिया। सुमिति सोनी ने दो विकेट लिए, लेकिन नॉर्थ दिल्ली की जीत नहीं रोक सकीं।