दिल्ली में बीते कई दिन से चल रही तेज हवाओं ने प्रदूषण से कुछ राहत जरूर दिलाई है, लेकिन जहरीली हवा का खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है। बयार भले ही खराब श्रेणी में हो लेकिन, इससे अभी भी दिल्लीवासियों की सांसों पर संकट बरकरार है। वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का अनुमान है कि शुक्रवार को हवा एक बार फिर बेहद खराब श्रेणी में पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को प्रदूषित हवा से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। दूसरी ओर, बृहस्पतिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 280 दर्ज हुआ, जोकि खराब श्रेणी में है। यह बुधवार की तुलना में 48 सूचकांक अधिक है।
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के अनुसार, बृहस्पतिवार को औसतन पांच किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से हवा उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर से चलीं। वहीं, शुक्रवार को हवा उत्तर-पूर्व से पांच किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चलने का अनुमान है। साथ ही, शनिवार को हवा दक्षिण-पूर्व दिशा से चल सकती है। इस दौरान हवा की गति 10 किमी प्रतिघंटा रहने के आसार है। सीपीसबी के अनुसार, हवा में मौजूद हानिकारक पीएम 2.5 कणों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बृहस्पतिवार को शाम पांच बजे पीएम2.5 110.1 और पीएम10 200.8 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया, जो मानकों से कई गुना ज्यादा है। सीपीसीबी के अनुसार, बृहस्पतिवार को 1490 आग लगने की घटनाएं दर्ज की गई।
15 इलाकों में प्रदूषण 300 के पार
दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है। शहर के कई इलाकों में हवा बेहद खराब स्थिति में पहुंच गई है। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के 15 इलाकों में पीएम2.5 का स्तर 300 या उससे अधिक दर्ज किया गया। इससे साफ है कि राजधानी की हवा लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है।
आंकड़ों के अनुसार, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) क्षेत्र में सबसे अधिक 384 पीएम2.5 दर्ज किया गया। इसके बाद सिरिफोर्ट में 365, एनएसयूटी जाफरपुर में 361, पूसा (आईआईटीएम) में 352 और चांदनी चौक में 343 का स्तर रहा। वहीं, तालकटोरा गार्डन में 340, सीआरआरआई मथुरा रोड में 330 और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 327 प्रदूषण दर्ज किया गया।
सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार आया नगर और दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू) में 323, आईआईटी दिल्ली में 317, पंजाबी बाग में 307, नेहरू नगर में 305, जहांगीरपुरी में 304 और छावला में 302 पीएम2.5 दर्ज किया गया। साथ ही, अन्य इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर काफी अधिक रहा। बुराड़ी क्रॉसिंग में 300, मुंडका में 297, घुम्मनहेड़ा में 296 और बुराड़ी में 292 का स्तर दर्ज किया गया। वहीं, वजीरपुर में 288, झरोदा कलां में 287 और द्वारका सेक्टर-8 में 280 पीएम2.5 रहा।