एनसीआर में गाजियाबाद की हवा सबसे अधिक प्रदूषित
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली, 18 मार्च। दिल्ली में स्थानीय कारक के चलते हवा एक फिर खराब हो गई है। बुधवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 232 दर्ज किया गया। यह हवा की खराब श्रेणी है। इसमें मंगलवार की तुलना में 43 सूचकांक की वृद्धि दर्ज की गई।
दूसरी ओर, एनसीआर में गाजियाबाद की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही। यहां एक्यूआई 258 दर्ज किया गया, यह हवा की खराब श्रेणी है। वहीं, गुरुग्राम में 251, ग्रेटर नोएडा में 247 और नोएडा में 243 एक्यूआई दर्ज किया गया। फरीदाबाद की हवा सबसे साफ रही। यहां एक्यूआई 213 दर्ज किया गया, जो हवा की खराब श्रेणी है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, बुधवार को हवा उत्तर-पूर्व दिशा से 20 किलोमीटर प्रतिघंटे के गति से चली। वहीं, अनुमानित अधिकतम मिश्रण गहराई 2700 मीटर रही। इसके अलावा, वेंटिलेशन इंडेक्स 9000 मीटर प्रति वर्ग सेकंड रहा। दूसरी ओर, शाम छह बजे हवा में पीएम10 की मात्रा 199.8 और पीएम2.5 की मात्रा 94.7 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज की गई। सीपीसीबी ने बृहस्पतिवार को हवा के मध्यम श्रेणी में पहुंचने की संभावना जताई है।