बवाना के पूठ खुर्द गांव में शनिवार सुबह अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने 45 वर्षीय जोगिंदर उर्फ काला की पांच गोली मारकर हत्या कर दी। शुरुआती जांच में गैंगवार में हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक के परिवार वालों ने हत्याकांड में हिमांशु भाऊ और विक्की हर्डल गैंग की संलिप्तता की आशंका जता रही है।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 8.15 बजे बवाना थाना पुलिस को पूठ खुर्द गांव में एक शख्स को गोली मारने की जानकारी मिली। शुरुआती जांच में पता चला कि घर के पास ही जोगिंदर काम कर रहे थे।
तभी बाइक पर सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने जोगिंदर उर्फ काला पर कई राउंड गोली चला दी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि जोगिंदर का भाई धर्मेंद्र थाने का घोषित बदमाश है। वह अभी फरार है।
परिवार वालों ने पड़ोस में रहने वाले विक्की हर्डल के परिवार वालों पर हत्या करवाने का आरोप लगाया है। जांच में पता चला कि विक्की हर्डल विदेश में है और उसका नाम हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़ा है। यह भी पता चला है कि विक्की हर्डल के परिवार के तीन सदस्यों की हत्या हो चुकी है। इससे आशंका जताई जा रही है कि यह हत्या गैंगवार में की गई है।