अब पांच अप्रैल तक कर सकते हैं आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) के लिए अब तक आवेदन करने से चूके उम्मीदवारों के लिए राहत की खबर है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने सात जुलाई को आयोजित होने वाले सेंट्रल टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीटीईटी) 2024 के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि बढ़ा दी है। अब आवेदक पांच अप्रैल रात 11 बजकर 59 मिनट से पहले तक आवेदन कर सकते हैं। यदि किसी आवेदक को फॉर्म भरने में कोई तकनीकी परेशानी आती है तो उसकी सुविधा के लिए एक नंबर भी जारी किया गया है।
सीबीएसई ने सीटीईटी आवेदन प्रक्रिया को सात मार्च से शुरू किया था। आवेदन करने की अंतिम तिथि दो अप्रैल निर्धारित की थी। लेकिन आवेदकों की सहूलियत को देखते हुए बोर्ड ने आवेदन करने की तिथि को आगे बढ़ा दिया है। इस परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन www.ctet.nic.in पर किया जा सकता है। आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद आठ अप्रैल से 12 अप्रैल तक फॉर्म में हुई गलती में सुधार किया जा सकेगा।
इस तिथि के बाद आवेदन फॉर्म में सुधार नहीं किया जा सकेगा। उल्लेखनीय है कि सात जुलाई को देशभर में 22 भाषाओं में 136 शहरों में सीटीईटी परीक्षा आयोजित की जाएगी। पहला पेपर दोपहर 2 बजे से शाम 4 :30 बजे तक व दूसरा पेपर सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा। परीक्षा का रिजल्ट अगस्त के अंत में जारी किया जाएगा।