सड़क और नालों के निर्माण का ठेका देने में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए शख्स ने दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के खिलाफ अदालत में याचिका दायर की है।
याचिका में स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ धोखाधड़ी करने की एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। तीस हजारी अदालत के महादंडाधिकारी अभिलाष मल्होत्रा के समक्ष गैर सरकारी संगठन रोड एंटी करप्शन आर्गनाइजेशन के राहुल शर्मा ने यह याचिका दायर की।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि पीडब्ल्यूडी ने सड़क और नालों के निर्माण के लिये 120 से अधिक निविदाएं निर्धारित दरों से तकरीबन 60 फीसदी कम राशि पर दीं। याची के अधिवक्ता ए आर एम पांडेय ने कहा कि यह करीब 100 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और एक गहन साजिश है। अधिकारियों ने करदाताओं की गाढ़ी मेहनत की कमाई लूटी है।
याचिका में सड़क और नालों के निर्माण का ठेका देने में कथित अनियमितताओं के लिये सत्येन्द्र जैन और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के तीन अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई 9 जनवरी को मुकरर्र की है। अगली सुनवाई पर अदालत मामले में तय करेगी कि एफआईआर दर्ज की जाएगी या नहीं।