केंद्रीय युवा खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने मोटो जीपी राइडर्स के साथ बाइक की सवारी की
- फोटो : अमर उजाला
रफ्तार से हवा के साथ बात करने वालों का शौक अब भारत में भी पूरा होगा। वह सुपर बाइक का मजा ही नहीं लेंगे बल्कि इस खेल में महारत हासिल कर अपने सपने को भी साकार करेंगे। भारत में पहली बार उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में मोटो जीपी का आयोजन किया जा रहा है।
केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया कि 22 से 24 सितंबर तक बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में मोटोजीपी रेसिंग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें भी भारतीय रेसर विश्व में मिसाल कायम करेंगे। शनिवार को मोटोजीपी सवारों के साथ अनुराग ठाकुर ने भी हेलमेट पहन कर सुपर बाइक की सवारी की।
उन्होंने कहा कि मेरे हाथ में हेलमेट बहुत कुछ कहता है। मोटोजीपी रेसिंग के क्षेत्र में बड़ा आयोजन है। पहली बार कोई भारतीय रेसर मोटो जीपी में भाग लेगा। यह रेसिंग के क्षेत्र में पहल है और बड़ा पल भी है। इससे एक और रेसिंग बाइक को बढ़ावा मिलेगा वहीं ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री को भी बढ़ावा मिलेगा। रेसर को भी देखने और उनसे सीखने का भारत में मौका मिलेगा। अभी तो यह सिर्फ शुरूआत है, आगे और भी ऊंचाइयों को देश प्राप्त करेगा।