बवाल बढ़ने पर दिल्ली मेट्रो ने पांच स्टेशन बंद कर दिए। जाफराबाद, मौजपुर-बाबरपुर, गोकुलपुरी, जौहरी एन्क्लेव और शिव विहार स्टेशन बंद रहे। इस रूट पर ट्रेनें वेलकम मेट्रो स्टेशन तक चलीं। वहीं, जनपथ, पटेल चौक, उद्योग भवन व केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद किए गए।
हिंसा प्रभावित उत्तर पूर्वी जिले में मंगलवार को सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे और परीक्षा नहीं होगी। सीबीएसई ने कहा, मंगलवार को चार वोकेशनल विषयों की परीक्षा है। इन विषयों में से एक भी केंद्र उत्तर पूर्वी दिल्ली में नहीं है।
दिल्ली के कुछ हिस्सों में शांति और सद्भाव में गड़बड़ी परेशान करने वाली है। मैं उपराज्यपाल और गृहमंत्री से कानून व्यवस्था बहाल करने की अपील करता हूं। किसी को भी राजधानी का माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
- अरविंद केजरीवाल, सीएम दिल्ली
सरकारी सूत्रों ने कहा कि हिंसा को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की यात्रा को देखते हुए सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। यात्रा के चलते हिंसा में शामिल लोगों को व्यापक प्रचार मिल रहा है। दिल्ली के पुलिस कमिश्नर अमूल्य पटनायक कंट्रोल रूम से हालात पर करीब से नजर रखे हैं। वहीं, गृह सचिव अजय भल्ला ने कहा कि उच्च अधिकारी इलाके में मौजूद हैं। पर्याप्त संख्या में सुरक्षाबल तैनात है, स्थिति फिलहाल काबू में है।
शांति बनाए रखें, अफवाहों से बचें: पुलिस
दिल्ली पुलिस ने कहा, मौजपुर, करदमपुरी, चांद बाग और दयालपुर इलाके में हिंसा हुई है। ऐसे इलाकों की पहचान की गई है, जहां अशांति फैल सकती है। पुलिस स्थिति सामान्य करने की कोशिश कर रही है। लोग शांति बनाए रखें और अफवाहों से बचें। उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सख्ती से निपटेगी सरकार : रेड्डी
प्रदर्शनकारी संविधान के दायरे में विरोध करेंगे तो सरकार उनका समर्थन करेगी। लेकिन अगर वे हिंसा या उसे भड़काने की कोशिश करेंगे तो उनसे सख्ती से निपटा जाएगा। गृहमंत्रालय लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है। अशांत इलाकों में और सुरक्षाबलों को भेजने का निर्देश दिया गया है।
- जी किशन रेड्डी, गृह राज्यमंत्री